Skip to content
Higher Education

गरीब होनहारों से दूर होती उच्च शिक्षा

गोविंद सिंह, प्रोफेसर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के बाद भारतीय प्रबंध संस्थानों (आईआईएम) ने भी अपनी फीस बढ़ाने की घोषणा कर दी है। जहां प्रौद्योगिकी संस्थानों ने वार्षिक फीस 50 ह…

गरीब होनहारों से दूर होती उच्च शिक्षा
गोविंद सिंह, प्रोफेसर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के बाद भारतीय प्रबंध संस्थानों (आईआईएम) ने भी अपनी फीस बढ़ाने की घोषणा कर दी है। जहां प्रौद्योगिकी संस्थानों ने वार्षिक फीस 50 हजार से 90 हजार कर दी हैं, वहीं प्रबंध संस्थानों ने अपनी फीस साल 2009 की तुलना में तीन गुनी अधिक कर दी है। और यह तब है, जब कि ये संस्थान सरकारी हैं। यह सब इसलिए है, क्योंकि सरकार इन संस्थानों पर लगातार यह दबाव डाल रही है कि वे अपने संसाधन स्वयं जुटाएं। इस तरह देश के इन श्रेष्ठ और अभिजात्य संस्थानों के दरवाजे आम आदमी के लिए लगभग बंद हो गए हैं। गरीब की तो बात ही छोड़िए, आम मध्यवर्गीय भी इतनी रकम आखिर लाएं, तो लाएं कहां से? कहने को आप कह सकते हैं कि बैंक से ऋण ले लीजिए, लेकिन ऋण की प्रक्रिया इतनी जटिल है कि आम आदमी उनके पास तक फटकना नहीं चाहता। साथ ही ऋण का भुगतान भी आसान नहीं है। एक जमाना था, जब देश में छह प्रौद्योगिकी संस्थान और तीन प्रबंध संस्थान थे। उनका अपना रुतबा था। दुनिया के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में उनकी गिनती होती थी। देश भर से अत्यंत मेधावी छात्र इनमें दाखिला लेते थे। दाखिले की पहली और अंतिम शर्त मेधावी होना ही हुआ करती थी। फीस की कोई दीवार इन विद्यार्थियों को रोक नहीं पाती थी। और दुनिया भर के श्रेष्ठ प्रतिष्ठानों के दरवाजे इन विद्यार्थियों के लिए खुले रहते थे। इस तरह, भारत के शैक्षिक परिदृश्य में प्रौद्योगिकी और प्रबंध संस्थानों का अपना महत्व था। मारे पास दुनिया को दिखाने के लिए इनके अलावा था ही क्या? इसी से इनकी ब्रांड वैल्यू बनी। 1991 के बाद आई नई आर्थिक आंधी ने इसी ब्रांड वैल्यू को भुनाया। सरकार के नीति-निर्धारकों के लिए इससे अच्छा मौका और क्या हो सकता था? लिहाजा उन्होंने सोचा कि इन्हें इतना महंगा कर दो कि आम आदमी इनके दरवाजे तक ही नहीं पहुंच पाए। आज इन संस्थानों में कौन दाखिला ले पाता है? ताजा नतीजे बताते हैं कि सबसे ज्यादा छात्र आइआईटी से निकले हुए हैं। वे ही टॉपर हैं। उसके बाद उन छात्रों का नंबर आता है, जो इसके लिए जमकर तैयारी करते हैं, यानी कोचिंग लेते हैं। और इस तैयारी में वे खूब पैसा बहाते हैं। यदि किसी तरह आप वहां तक पहुंच भी गए, तो बढ़ी हुई फीस आपको बाहर का दरवाजा दिखा देती है। यानी यदि आप गरीब हैं, तो आपका आईआईएम में पहुंच पाना काफी मुश्किल है। फिर सरकार ने इनकी ब्रांड वैल्यू को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 13 कर दी और आईआईटी की संख्या 16 कर दी है। इन सबको शिक्षा के बाजार में अभी अपनी उपस्थिति दर्ज करनी है। अपना लोहा मनवाना है।
सवाल उठता है कि आखिर फीस बढ़ाने का क्या औचित्य है? इसके पीछे सबसे बड़ा तर्क यही दिया जाता है कि संस्थानों की ब्रांड वैल्यू बनाए रखने के लिए उनके खर्चे बहुत बढ़ गए हैं, लिहाजा ये खर्चे फीस के जरिये ही उगाहे जा सकते हैं। फिर सरकार भी लगातार अपने हाथ पीछे खींच रही है। दुर्भाग्य यह है कि इन संस्थानों को निजी क्षेत्र के साथ मिलकर संसाधन जुटाने का अनुभव नहीं है। विदेशों में भी फीस कम नहीं होती। अमेरिका के ज्यादातर विश्वविद्यालयों में छात्रों को पढ़ाई के साथ किसी न किसी प्रोजेक्ट में काम मिल जाता है। स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों को कुछ नहीं, तो टीचिंग असिस्टेंसशिप मिल जाती है, जिससे वे अपना बहुत-सा खर्च निकाल लेते हैं। भारत से जाने वाले ज्यादातर मध्यवर्गीय छात्र एक सेमेस्टर की फीस का जुगाड़ करके ही वहां जाते हैं, बाकी वे वहां खुद अर्जित कर लेते हैं। लेकिन हमारे देश के विश्वविद्यालय या संस्थान अभी इस स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं। वे फीस लेना तो जानते हैं, लेकिन विद्यार्थी की समस्या को नहीं समझते।
ब्रांड से जुड़ा दूसरा मुद्दा है, यहां से निकलने वाले छात्रों को मिलने वाला पैकेज। चूंकि पैकेज ज्यादा होता है, इसलिए संस्थान चाहते हैं कि उन्हें भी अपना हिस्सा मिले। फिर अच्छा पैकेज दिलाने के लिए उन्हें भी कम मशक्कत नहीं करनी पड़ती। उद्योग क्षेत्र से विशेषज्ञों को बुलाना पड़ता है, नौकरी देने वालों की आवभगत करनी पड़ती है, सॉफ्ट स्किल्स सिखाने पर बहुत ध्यान दिया जाता है, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के भ्रमण आयोजित किए जाते हैं। और सबसे बड़ी बात यह है कि प्रबंधन की शिक्षा में शो बिज यानी दिखावापन बहुत बढ़ गया है। यानी उनका खर्चा काफी बढ़ गया है, जिसे वे विद्यार्थी की जेब से निकालना जानते हैं। मुक्त मंडी की चकाचौंध में यह सब स्वाभाविक है। लेकिन हमारे नीति-नियंताओं को यह तो सोचना ही चाहिए कि इससे देश में एक नई वर्गीय खाई बन रही है। आईआईएम से निकले छात्रों को एक करोड़ से अधिक का पैकेज मिल रहा है, जबकि दूसरे-तीसरे दर्जे के संस्थानों से एमबीए किए हुए युवा दर-दर भटक रहे हैं। मैकिन्से की हालिया रिपोर्ट बताती है कि चार में से एक इंजीनियरिंग किया हुआ युवक और दस में से एक बीए पास युवक ही नौकरी के लायक है। बाकी कहां जाएंगे? वर्गीय खाई इतनी चौड़ी हो गई है कि एक ही प्रतिष्ठान में काम करने वाले दो कर्मचारियों के वेतन में सैकड़ों गुना का अंतर है। यह भी देखने की बात है कि ज्यादा पैकेज और फीस की वजह से समाज में इन पाठय़क्रमों का एक छद्म हौव्वा बन जाता है। एमबीए वालों का पैकेज बढ़ा, तो सब एमबीए की ही तरफ सभी भागने लगे। निजी क्षेत्र में इसकी अंधी दौड़ शुरू हो जाती है। यहां शिक्षा पर नहीं, शो बिज पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। इसलिए आज यह जरूरी हो गया है कि प्रबंध शिक्षा के कुल योगदान की समीक्षा होनी चाहिए। आखिर इतने खर्च के बाद देश और समाज को इनका योगदान क्या है? किस तरह की संस्कृति वे उद्योग जगत को दे रहे हैं? क्यों इंजीनियरिंग के छात्र, जिन पर सरकार पहले ही भारी-भरकर राशि खर्च कर चुकी होती है, वे अपने क्षेत्र में न जाकर प्रबंधन में जा रहे हैं? इसकी भरपाई कैसे होगी? उनके अनुसंधान का कितना इस्तेमाल उद्योग जगत कर रहा है? इसलिए फीस नहीं गुणवत्ता बढ़ाइए। गरीब और होनहार के लिए अपने कपाट बंद मत कीजिए।(ref-hindustan)
Continue reading

Higher Education

All in topic
उन्नति का मूल नहीं अंग्रेजी भाषा
Higher Education

उन्नति का मूल नहीं अंग्रेजी भाषा

संक्रान्त सानु कोई भी समृद्ध देश अपनी भाषाओं को छोड़ कर किसी गैर भाषा के प्रयोग से विकसित नहीं हुआ। आज भी विकसित देश अपनी भाषा के आधार पर ही आगे बढ़ रहे हैं नयें शैक्षिक सत्र से कई राज्य स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई…

फिर से ज्ञान का केंद्र बनने का समय
Higher Education

फिर से ज्ञान का केंद्र बनने का समय

डॉ. निरंजन कुमार एक समय तक्षशिला, नालंदा आदि में अन्य देशों के विद्यार्थी पढ़ने आते थे। इस स्थिति को फिर से हासिल करने की जरूरत है मानव संसाधन विकास मंत्रलय अगले शैक्षिक सत्र से भारत में विदेशी छात्रों की संख्या को दोगुन…

क्यों पिछड़ जाते हैं हमारे विश्वविद्यालय
Higher Education

क्यों पिछड़ जाते हैं हमारे विश्वविद्यालय

हरिवंश चतुर्वेदी , निदेशक , बिमटेक वर्ष 2018 के लिए जो एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग सूची जारी हुई है, उससे भारत के लिए कुछ सुखद संकेत मिले हैं। 350 विश्वविद्यालयों की इस सूची में भारत के 42 विश्वविद्यालयों को इस बार स्थान म…